रंगदूत

Showing posts with label समीक्षा. Show all posts
Showing posts with label समीक्षा. Show all posts

Tuesday, 2 January 2018

सम्बन्धों को शंकाओं से सचेत करता नाटक : भँवरा बड़ा नादान

उनका कहना है, “सोचा नहीं था, कभी नाटक लिखूँगा| सोचा तो ये भी नहीं था कि नाटक करूँगा| बचपन से एक रुझान था, विद्यालय में शिक्षकों ने बलात नाटक करने के लिए धकेल दिया, और वहीं से सिलसिला चल पड़ा|” ये कथन किसी बहुत बड़े चित्रपट-सितारे, लेखक या कुख्यात व्यक्ति के नहीं हैं, वरन सीधी में विगत कई वर्षों से रंगमंच में सक्रिय रंगकर्मी ‘प्रसन्न सोनी’ के हैं| प्रसन्न न मात्र सीधी में बल्कि भोपाल, दिल्ली में रहकर भी रंगमंच कर चुके हैं, और करते रहते है| उनकी अभिनय क्षमता का बड़े-बड़े रंगकर्मियों ने लोहा माना है| रंगमंच में अभिनय और निर्देशन के साथ-साथ प्रसन्न भी लिखते हैं| 
उन्होंने नाटक लिखा है, उसके कई मंचन भी हो चुके हैं, और अब वह नाटक पुस्तक बन चुका है, यह पुस्तक पाठकों के लिए आगामी 6 जनवरी, 2018 से दिल्ली प्रगति मैदान में, विश्व पुस्तक मेले में शिवना प्रकाशन के विक्रय केन्द्र पर उपलब्ध होने वाली है|
पुस्तक का नाम अभी तक नहीं बताया? अवश्य ही पाठकों में इसकी जिज्ञासा भी होगी| उसका नाम भी बताया जाएगा, किन्तु उससे पूर्व यह जाना जाय कि नाटक है किस विषय पर, और वह हिन्दी रंगमंच के लिए महत्वपूर्ण क्यों होगी?
कई लोग सोचते हैं, “हमें कोई अच्छा-सा काम मिल जाय, अच्छा वेतन मिलने लगे, विवाह हो जाय, एक अपना व्यक्तिगत घर-बंगला हो, अपनी गाड़ी हो जीवन सुख से कट जाएगा|” प्रसन्न का नाटक इसी अतिहर्षिता में जीने वालों को सचेत करता है|
चलिए विषय को अधिक रहस्य न बनाते हुए, नाटक का नाम उद्घोषित कर दिया जाय| तो पाठक जनों नाटक का नाम है ‘भँवरा बड़ा नादान’| ‘भँवरा बड़ा नादान’ कहानी है एक ऐसे व्यक्ति (शंकरन गुरु) की; जो छोटे से संघर्ष के बाद, चित्रपट जगत का एक महान व्यक्तित्व बन चुका है| स्वयं बहुत-बड़ा निर्माता-निर्देशक है| जिसके निर्देशन में आनन्द जैसे सितारा अभिनेता भी काम करना बड़ी बात मानते हैं| शंकरन की प्रेमिका, बाद में पत्नी मीता भी फ़िल्म जगत की सितारा गायिका एवं अभिनेत्री हैं| शंकरन गुरु के पास जब्बार जैसा बहुमुखी प्रतिभा का धनी सहयोगी है, और अमोल मित्र जैसे लेखक और परामर्शदाता| शंकरन और मीता विवाह कर लेते हैं, और दोनों का जीवन अत्यन्त सुखमय बीतता है, उनकी एक बच्ची भी हो चुकी है| फिर अचानक शकरन गुरु और मीता के सम्बन्धों में खिंचाव आने लगता है| उनके मध्य बढ़ने वाली दूरी का कारण क्या है? इस खिंचाव का अन्त कैसे होता है? यही जानने के लिए ‘भँवरा बड़ा नादान’ पढ़ने की आवश्यकता है|
नाटक में कहानी के साथ-साथ उसकी नाटकीयता, उसके सम्वाद, चारित्रिक विश्लेषण का अद्भुत समागम है| उसका एक-एक सम्वाद पाठक को सोचने पर विवश करता है| जैसे-“पता है रतन! जो शक दिमाग में एक बार पनप जाता है, वो साँप जैसा होता है| मौका पाते ही डस लेता है| फिर? फिर इंसान का अंग-अंग शिथिल हो जाता है| जैसे-जैसे ज़हर फैलता है, इंसान कमज़ोर और विवश हो जाता है|” यह सम्वाद जहाँ जीवन के लिए उपदेश भी देता है, वहीं व्यक्ति को परस्पर शंका जैसी बीमारी से बचने के लिए सचेत भी करता है| नाटक में चरित्रों में विविधता, उनमें भाव-प्रवणता निर्देशक व अभिनेताओं को मंच पर उतारने के लिए कई कौशल विकसित करते है| हिन्दी भाषा में सहस्त्रों नाटक लिखे गये हैं, उतनों का ही विदेशी भाषा से अनुवाद किया गया है, ऐसी भीड़ में भी ‘भँवरा बड़ा नादान’ रंगमंच के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगा| यह कैसे उपयोगी होगा, इसका निर्णय एकमात्र कोई एक व्यक्ति नहीं कर सकता, बल्कि कई पाठकों एवं रंगकर्मियों के माध्यम से होगा|
लगता है लिखने से अधिक श्रेष्ठ होगा कि पाठक एवं रंगकर्मी जन स्वयं पुस्तक लेवें, पढ़ें और अपनी समझ बनाएँ|




Saturday, 23 December 2017

एक नया ‘आनन्द रघुनन्दन’ : संगम पाण्डेय

संगम पाण्डेय (प्रसिद्द नाट्य समीक्षक)
जिस नाटक ‘आनन्द रघुनन्दन’ को वरिष्ठ संजय उपाध्याय निर्देशित कर चुके हैं, उसे ही अब युवा रंगकर्मी प्रसन्न सोनी ने भी निर्देशित किया है। लेकिन कोई सोचे कि ये दो प्रस्तुतियाँ सिर्फ वरिष्ठता और कनिष्ठता के फासले से ही एक-दूसरे से जुदा होंगी, तो यह उसकी गलती है। ये दो प्रस्तुतियाँ साधनसंपन्नता और साधनहीनता की दो दुनियाएँ भी हैं।
यह संयोग ही था कि जिस रोज सीधी के मानस भवन में मुझे यह नाटक देखना था, उसी रोज महिला सशक्तीकरण दिवस भी पड़ गया। सरकारी बाबू ने आयोजन स्थल एक साथ दो संस्थाओं को एलॉट कर दिया, और ऐसा करने को गलती मानने के बजाय, अपना अधिकार बताते हुए एक रोज पहले लगाई मंच-सज्जा वगैरह को उखाड़ फेंका। दरअसल वहाँ महिला सशक्तीकरण के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लाइव सन्देश दिखाया जाना था।
अन्ततः हॉल मिलने और सारी व्यवस्थाओं को पुनः अंजाम देने में नाटक के वक्त को करीब सवा घंटा आगे खिसकाना पड़ा। और यह हॉल क्या है- जमीन से एक फीट उठा हुआ कांक्रीट का एक स्टेज है, जिसे लकड़ी के करीब दो-दो फुट के ब्लॉक्स के जरिए आगे तक बढ़ाया गया है। और ये ब्लॉक्स भी ग्रुप की अपनी प्रॉपर्टी का हिस्सा हैं, न कि प्रशासन का कोई सहयोग। न कोई विंग्स है न बैकस्टेज। इसके लिए आनन-फानन में लगाए बेतरतीब परदे नजर की आड़ से ज्यादा कुछ नहीं थे।
चूँकि स्टेज काफी नीचा है इसलिए कुर्सियों की बजाय गद्दों पर बैठना ज्यादा मुफीद है, सो उसी तरह जूते पहने घुटने मोड़कर बैठे। वैसे रामलीला के पुराने दिनों की याद करते हुए, यह कोई बुरा अनुभव नहीं था।
प्रसन्न सोनी की प्रस्तुति डेढ़ घन्टे लम्बी है। उनके ज्यादातर अभिनेता अभी-अभी युवा हुए लोग हैं, जिन्हें एक बात की सुविधा थी कि उन्हें अपनी ही भाषा बघेली में सम्वाद बोलने थे। खुद प्रसन्न एनएसडी की घुमन्तू रेपेटरी में कई सालों तक काम कर चुके हैं। उनकी प्रस्तुति को ठेठ लोक-शैली की प्रस्तुति नहीं कहा जा सकता। बल्कि पात्रों के कास्ट्यूम और प्रकाश योजना के जरिए वे स्थितियों को काफी चाक्षुष बनाने की कोशिश करते हैं। यह कोशिश इस हद तक भी है कि उन्होंने अपने पात्रों के चेहरे मुखौटों से ढँक दिए हैं। चेहरों को ढँक देने का अर्थ है मौखिक भंगिमाओं को ढँक देना। इसके बाद वे जड़वत चेहरों को संगीत से जीवन्त करते हैं। उनकी प्रस्तुति अच्छी खासी म्यूजिकल है। अभिषेक त्रिपाठी के संयोजन में तैयार बहुत सारी लोकधुनें निरन्तर प्रस्तुति में सुनाई देती हैं। वैसे बावजूद इसके कि मुखौटे अभिनय के स्पेस को कम करते हैं, कुछ दृश्यों में अभिनेताओं ने अपनी एनर्जी का अच्छा इस्तेमाल किया है। शूर्पणखा बनी अभिनेत्री का हाहाकार उसके शारीरिक अभिनय में देखने लायक था। दरअसल इस प्रस्तुति की विशेषता या द्वंद्व यही है कि वह एक कस्बे की साधनहीनता में महानगरीय परिपाक को सम्भव करने की चेष्टा करती है। उसका दिकसिर यानी रावण जब लक्ष्मण रेखा को छूता है, तो एक तीखी प्रकाश योजना क्षण भर की कौंध में मंच पर गिरती है, और रावण को जोर का करेंट जैसा लगता है। फिर महिजा यानी सीता को उठाकर ले जाने वाले दृश्य में पूरा मंच लाल रोशनी में नहाया हुआ है। यह जालंधर से आए गुरविंदर सिंह की प्रकाश योजना थी। इसी तरह हनुमानजी उर्फ त्रेतामल टोकरियों से बनी गदा लिए दिखाई देते हैं। दृश्यों में दिखाई देने वाली लोकजीवन की ऐसी कई वस्तुएँ प्रस्तुति को एक अलग ही रंगत देती हैं। प्रसन्न की यह प्रस्तुति ऐसी ही बहुविध किस्म की दृश्य योजनाओं का एक दिलचस्प संयोजन है। हालाँकि मुखौटों के बारे में उन्हें अवश्य ही विचार करना चाहिए कि अभिनय में बाधा खड़ी करने के बरक्स क्या वे शैलीगत प्रभाव बना भी पा रहे हैं या नहीं! उनकी यह प्रस्तुति साधनों की सीमा का अतिक्रमण करते हुए बहुत कुछ ऐसा रचती है, जिसमें एक चुस्ती भी है, और औघड़पन भी। प्रस्तुति में औपचारिक मंच सज्जा ज्यादा नहीं है। मुख्य स्पेस में तीन चौकियाँ भर हैं, जिन्हें जरूरत के मुताबिक पहाड़ या सिंहासन के रूप में बरता जाता है। इनके अलावा हर दृश्य का एक अलग ही दृश्य विधान है।



Search This Blog